"भानपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16.62 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त" जगदलपुर/भानपुरी, 08 जून 2026।(रोमेश नामदेव) बस्तर जिले में अ...
"भानपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16.62 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त"
जगदलपुर/भानपुरी, 08 जून 2026।(रोमेश नामदेव) बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम केशरपाल आवासपारा में एक व्यक्ति के घर पर छापेमारी कर 33.25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 16 लाख 62 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भानपुरी प्रवीण भारती एवं उप पुलिस अधीक्षक संगम राम के पर्यवेक्षण में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के दौरान 7 जून 2026 को भानपुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केशरपाल आवासपारा में एक व्यक्ति अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम किशोर बघेल (36 वर्ष) निवासी केशरपाल आवासपारा थाना भानपुरी बताया। पुलिस द्वारा घर की तलाशी लेने पर एक कमरे में रखे नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम के भीतर से 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना भानपुरी में धारा 20(ख)(ii)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्ष कुमार धुरंधर, उप निरीक्षक शत्रुधन नाग, सहायक उप निरीक्षक रैनू राम मौर्य, प्रधान आरक्षक किशोर गुप्ता, आरक्षक महेन्द्र शोरी, मनघर कश्यप, गिरधर कुंजाम तथा महिला आरक्षक राजकुमारी भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


कोई टिप्पणी नहीं