"अंतरराष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस पर बस्तर में चला विशेष जागरूकता अभियान, कोटपा एक्ट के तहत 20 लोगों पर कार्रवाई" जगदलपुर, 23 जून 20...
"अंतरराष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस पर बस्तर में चला विशेष जागरूकता अभियान, कोटपा एक्ट के तहत 20 लोगों पर कार्रवाई"
जगदलपुर, 23 जून 2026। (रोमेश नामदेव) अंतरराष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर आकाश छिकारा एवं पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स के निर्देशानुसार मंगलवार को जगदलपुर शहर में कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई के साथ-साथ नशामुक्ति और पशु क्रूरता रोकथाम संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती शुशन्ता लकड़ा के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान आम नागरिकों को तंबाकू एवं नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान पशु क्रूरता से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के प्रावधानों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बतख, मुर्गे अथवा अन्य पशु-पक्षियों को पैरों से बांधकर उल्टा लटकाकर ले जाना क्रूरता की श्रेणी में आता है। इसके स्थान पर उन्हें टोकरी या झोले में सुरक्षित तरीके से ले जाने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि पशु क्रूरता के मामलों में दोषी पाए जाने पर 5 हजार रुपये तक का जुर्माना तथा 5 वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
संयुक्त अभियान के दौरान कोटपा अधिनियम के उल्लंघन पर धारा 4 के तहत 18 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते पाए गए दो व्यक्तियों के खिलाफ कोटपा अधिनियम की धारा 6(बी) के अंतर्गत कार्रवाई की गई। कुल 20 व्यक्तियों से 3,300 रुपये की राजस्व वसूली की गई।
अभियान में थाना कोतवाली पुलिस के साथ आबकारी, उद्योग, वन, यातायात, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी विभागों ने मिलकर नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने एवं सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करें तथा पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए कानून का पालन करें।






कोई टिप्पणी नहीं