Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

शराब के नशे में यात्रियों से भरी बस चला रहा चालक गिरफ्तार, कोंटा पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

  "शराब के नशे में यात्रियों से भरी बस चला रहा चालक गिरफ्तार, कोंटा पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा" "कोंटा बस स्टैंड में ...

 


"शराब के नशे में यात्रियों से भरी बस चला रहा चालक गिरफ्तार, कोंटा पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा"


"कोंटा बस स्टैंड में शराब के नशे में बस चलाने वाले चालक के विरुद्ध कार्रवाई करती थाना कोंटा पुलिस।"

सुकमा/कोंटा, 19 जून 2026। (रोमेश नामदेव) जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सुकमा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना कोंटा पुलिस ने शराब के नशे में यात्रियों से भरी बस चला रहे चालक के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जून को कोंटा बस स्टैंड में संचालित पायल बस क्रमांक CG-07 CM-5400 के चालक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने पर जागरूक स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना तत्काल थाना कोंटा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। इस दौरान मौजूद नागरिकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को रुकवाकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

पुलिस द्वारा चालक का ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से अल्कोहल परीक्षण किया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की प्रारंभिक पुष्टि हुई। इसके बाद चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंटा ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण में भी उसके अत्यधिक शराब सेवन की आधिकारिक पुष्टि हुई।

पुलिस जांच में चालक की पहचान प्रताप नायर (40 वर्ष), पिता लक्ष्मी नायर, निवासी कोरापुट, ओडिशा के रूप में हुई। उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही बस क्रमांक CG-07 CM-5400 को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

पुलिस द्वारा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है तथा प्रकरण का चालान तैयार कर माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सुकमा न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

सुकमा पुलिस ने कहा है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन और पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं तथा भविष्य में भी इस प्रकार की औचक जांच और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने जागरूक नागरिकों की सराहना करते हुए आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं

Girl in a jacket