"अवैध रेत भंडारण पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज" जगदलपुर, 10 जून 2026।(रोमेश नामदेव) बस्तर जिल...
"अवैध रेत भंडारण पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज"
जगदलपुर, 10 जून 2026।(रोमेश नामदेव) बस्तर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश एवं खनि अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में जिला खनिज जांच दल ने करपावण्ड तहसील अंतर्गत ग्राम छिन्दगांव में औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से रेत का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है।
प्राप्त शिकायत के आधार पर 9 जून को खनिज विभाग की टीम ने ग्राम छिन्दगांव क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान छिन्दगांव निवासी जयकिशोर गुप्ता एवं शरद बघेल द्वारा बिना किसी वैध अनुमति एवं आवश्यक दस्तावेजों के दो अलग-अलग स्थानों पर खनिज रेत का अवैध भंडारण किया जाना पाया गया। जांच दल ने मौके पर ही नियमानुसार दोनों स्थानों पर भंडारित रेत को जप्त करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया तथा नोटिस जारी किया।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) तथा छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम, 2009 के तहत दोनों प्रकरणों में दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के किसी भी प्रकार के खनिज का भंडारण करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी समाचार पत्रों एवं विभिन्न माध्यमों से जिले के खनिज ठेकेदारों, परिवहनकर्ताओं तथा व्यवसायियों को वैध अनुमति एवं दस्तावेजों के साथ ही खनिजों के भंडारण एवं परिवहन के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन अब और अधिक सख्ती बरत रहा है।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिजों के अवैध भंडारण, उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खनि निरीक्षक अंकित पुरी सहित जिला खनिज जांच दल के खनि सिपाही डिकेश्वर खरे एवं सीताराम नेताम उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं