जगदलपुर : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई 2026 को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 80वीं वाहिनी मुख्यालय, जगदलपुर में विशेष ज...
जगदलपुर : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई 2026 को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 80वीं वाहिनी मुख्यालय, जगदलपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वाहिनी के कमांडेंट जितेन्द्र कुमार ने किया।
इस अवसर पर कमांडेंट ने अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि तंबाकू और उससे निर्मित उत्पादों के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसके साथ ही तंबाकू का सेवन सामाजिक और आर्थिक नुकसान का भी कारण बनता है।
उन्होंने कहा कि तंबाकू केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। इसलिए सभी को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।
कमांडेंट ने कहा कि सीआरपीएफ के प्रत्येक कर्मी का स्वस्थ एवं फिट रहना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि एक स्वस्थ बल ही राष्ट्र की सुरक्षा में प्रभावी योगदान दे सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
इस अवसर पर 80वीं वाहिनी के अधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी ओम कुमार गुप्ता, सहायक कमांडेंट वेणु बाबू सहित अन्य अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं