"तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और मूसलाधार बारिश से कैंप में भारी नुकसान" "VHF एंटीना, कमांड पोस्ट और गार्ड रूम प्रभावित, सभी जवा...
"तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और मूसलाधार बारिश से कैंप में भारी नुकसान"
"VHF एंटीना, कमांड पोस्ट और गार्ड रूम प्रभावित, सभी जवान सुरक्षित"
सुकमा। जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित डी/212 बटालियन CRPF के पोटकापल्ली कैंप में मंगलवार शाम आए भीषण तूफान, तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने कैंप परिसर में मौजूद कई महत्वपूर्ण संरचनाओं और संचार उपकरणों को गंभीर नुकसान पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी भी जवान या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि टिन शीट से निर्मित कैंप की परिधि दीवार पूरी तरह धराशायी हो गई। इसके साथ ही कैंप की संचार व्यवस्था को भी बड़ा झटका लगा है। दो VHF एंटीना क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि दो मास्ट पाइप तेज हवाओं के कारण मुड़ गए। HF ब्रॉडबैंड एंटीना वायर कट जाने से संचार सेवाएं प्रभावित हुईं। इसके अलावा POL डंप को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
तूफान के दौरान कैंप परिसर में कई बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए कैंप में बेहद खतरनाक स्थिति निर्मित हो गई थी। हालांकि जवानों की सतर्कता और समय रहते अपनाए गए सुरक्षा उपायों के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अधिकारियों ने बताया कि कैंप में मौजूद सभी जवान पूरी तरह सुरक्षित हैं। क्षतिग्रस्त संचार व्यवस्था और अन्य जरूरी सेवाओं को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।







कोई टिप्पणी नहीं