जगदलपुर : झीरम शहीद दिवस के अवसर पर दरभा स्थित झीरम घाट पहुंचकर पूर्व विधायक राजमन बेंजाम एवं पूर्व क्रेडा अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार ने शहीद...
जगदलपुर : झीरम शहीद दिवस के अवसर पर दरभा स्थित झीरम घाट पहुंचकर पूर्व विधायक राजमन बेंजाम एवं पूर्व क्रेडा अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर झीरम हमले में शहीद हुए नेताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों के जवानों को नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान “झीरम शहीद अमर रहे”, “महेंद्र कर्मा अमर रहें” और “नंदकुमार पटेल अमर रहें” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
उल्लेखनीय है कि 25 मई 2013 को बस्तर जिले के दरभा स्थित झीरम घाटी में कांग्रेस परिवर्तन यात्रा के काफिले पर नक्सलियों ने घात लगाकर हमला किया था। इस भीषण हमले में पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों के जवानों की मौत हो गई थी।
झीरम घाटी की घटना को प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी नक्सली घटनाओं में से एक माना जाता है। शहीद दिवस पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता गौरी प्रसाद मंडल, जिला महामंत्री अब्दुल सईद, पूर्व विधायक प्रतिनिधि गणेश कावड़े, आईटी सेल प्रदेश महासचिव योगेश पानीग्राही, सोशल मीडिया प्रतिनिधि मोहनीश नाग, संजय पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं