जगदलपुर : नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने केंद्र सरकार और रेलवे विभाग से मांग की है कि जगदलपुर से दिल्ली के बीच चलाई गई सम...
जगदलपुर : नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने केंद्र सरकार और रेलवे विभाग से मांग की है कि जगदलपुर से दिल्ली के बीच चलाई गई समर स्पेशल ट्रेन को सप्ताह में कम से कम तीन दिन नियमित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि एक दिन के संचालन में ही भारी संख्या में यात्रियों की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया है कि इस रूट पर नियमित ट्रेन सेवा की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।
राजेश चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में बुलेट ट्रेन का सपना तो दिखाया गया, लेकिन बस्तरवासियों को आज भी मूलभूत रेल सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जगदलपुर से दिल्ली तक चलाई गई समर स्पेशल ट्रेन केवल राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से संचालित की गई और आम यात्रियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल सका।
उन्होंने कहा कि सामान्य और तत्काल बुकिंग में अधिकांश यात्रियों को टिकट नहीं मिला, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पूरी व्यवस्था पहले से तय थी। इसके बावजूद इस ट्रेन में लगभग 1400 से अधिक यात्रियों ने सफर किया, जो यह साबित करता है कि दिल्ली रूट पर यात्रियों की पर्याप्त संख्या मौजूद है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि रेलवे विभाग इस ट्रेन को सप्ताह में दो या तीन दिन नियमित रूप से चलाता है, तो इससे बस्तर सहित ओडिशा के व्यापारियों, मरीजों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा। दिल्ली तक सीधी रेल सुविधा मिलने से व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास में मदद मिलेगी।
राजेश चौधरी ने कहा कि बस्तर के लोग वर्षों से बेहतर रेल सुविधा की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि बस्तरवासियों की वास्तविक जरूरतों को देखते हुए जगदलपुर-दिल्ली ट्रेन को नियमित किया जाए।


कोई टिप्पणी नहीं