"OBC जनगणना मुद्दे पर कांग्रेस का हमला, अनुराग महतो ने केंद्र सरकार पर उठाए सवाल" जगदलपुर: जातिगत जनगणना को लेकर एक बार फिर सियास...
"OBC जनगणना मुद्दे पर कांग्रेस का हमला, अनुराग महतो ने केंद्र सरकार पर उठाए सवाल"
जगदलपुर: जातिगत जनगणना को लेकर एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। OBC वर्ग से जुड़े मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के रुख पर सवाल खड़े किए हैं। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर महामंत्री अनुराग महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर OBC समाज की अनदेखी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
अनुराग महतो ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 2026-27 की जनगणना में जातिगत गणना शामिल करने की घोषणा तो की गई है, लेकिन OBC वर्ग के लिए न तो अलग कॉलम दिया गया है और न ही कोई स्पष्ट कोड निर्धारित किया गया है। उन्होंने इसे गंभीर कमी बताते हुए कहा कि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए अलग कॉलम मौजूद हैं, लेकिन OBC को इस व्यवस्था से बाहर रखना असमानता को दर्शाता है।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि OBC वर्ग के लिए स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया, तो इस समाज के वास्तविक आंकड़े सामने नहीं आ पाएंगे। इससे सरकारी योजनाओं, सामाजिक न्याय और आरक्षण नीति के लाभ से OBC वर्ग वंचित रह सकता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि OBC देश की बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है, ऐसे में बिना अलग कॉलम के जनगणना अधूरी और पक्षपातपूर्ण मानी जाएगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि जनगणना फॉर्म में OBC वर्ग के लिए अलग कॉलम के साथ-साथ उप-जातियों के लिए स्पष्ट कोड भी शामिल किया जाए, ताकि सही आंकड़ों के आधार पर नीतियां बनाई जा सकें।
इसके अलावा, कांग्रेस ने आरक्षण की वर्तमान सीमा पर भी पुनर्विचार करने की मांग उठाई है। अनुराग महतो ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस OBC समाज के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी।


कोई टिप्पणी नहीं