"भाजपा की जीत पर जगदलपुर में जश्न, कार्यकर्ताओं ने मनाया विजय उत्सव" जगदलपुर। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल, अ...
"भाजपा की जीत पर जगदलपुर में जश्न, कार्यकर्ताओं ने मनाया विजय उत्सव"
जगदलपुर। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता के बाद सोमवार को जगदलपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विजय उत्सव मनाया। पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ता उत्साह से झूम उठे। उन्होंने मिठाइयां बांटी, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को बधाई देते हुए जीत का जश्न मनाया।
इस दौरान पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को देशभर में जनता का समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में बदलाव को जनता की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ है। वहीं, असम में लगातार तीसरी बार जीत और पुडुचेरी में एनडीए सरकार की वापसी को उन्होंने ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी ने भाजपा की इस जीत को जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा का परचम लहराना कार्यकर्ताओं की मेहनत और नेतृत्व की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे संगठन की ताकत का परिणाम बताया।
कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही, परीस बेसरा, जिला उपाध्यक्ष नरसिंह राव, सफीरा साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने भाजपा की जीत को कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के विश्वास का परिणाम बताया।
विजय उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला कार्यालय और मोतीलाल नेहरू वार्ड स्थित विधायक कार्यालय में एकत्रित हुए। यहां चुनाव परिणाम देखने के लिए बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था की गई थी, जहां कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से परिणाम देखे और खुशी जाहिर की।




कोई टिप्पणी नहीं