“गन नहीं, अब गणतंत्र की गूंज” : भेजा में सुशासन तिहार शिविर, 130 मामलों का मौके पर समाधान" जगदलपुर/लोहंडीगुड़ा। कभी माओवाद की दहशत और...
“गन नहीं, अब गणतंत्र की गूंज” : भेजा में सुशासन तिहार शिविर, 130 मामलों का मौके पर समाधान"
जगदलपुर/लोहंडीगुड़ा। कभी माओवाद की दहशत और बंदूक की आवाज से पहचाने जाने वाला लोहंडीगुड़ा विकासखंड का ग्राम भेजा अब विकास, लोकतंत्र और सुशासन की नई पहचान गढ़ता नजर आ रहा है। गांव में आयोजित सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि अब क्षेत्र में “गन नहीं, गणतंत्र” की आवाज मजबूत हो रही है।
शासन-प्रशासन को सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से लगाए गए इस शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
"260 आवेदन पहुंचे, 130 मामलों का तत्काल निराकरण"
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार शिविर में कुल 260 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 130 मामलों का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष पदमा कश्यप, उपाध्यक्ष डॉ. बसंत कश्यप, पूर्व विधायक लखेश्वर कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं अनुविभागीय दंडाधिकारी नितीश वर्मा, तहसीलदार कैलाश पोयम और जनपद पंचायत सीईओ धनेश्वर पांडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
"स्वास्थ्य शिविर में जांच और आयुष्मान कार्ड वितरण"
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित मेडिकल कैंप में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। विशेष रूप से टीबी मरीजों की पहचान के लिए एक्स-रे मशीन की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही पात्र ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, ताकि उन्हें जरूरत पड़ने पर मुफ्त उपचार की सुविधा मिल सके।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मकान स्वीकृति पत्र सौंपे गए। महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किए गए तथा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए।
"मेधावी विद्यार्थियों और दीदियों का हुआ सम्मान"
शिविर के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही क्षेत्र की 11 स्व-सहायता समूह की दीदियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
"विकास की नई राह पर भेजा"
ग्रामीणों ने बताया कि एक समय माओवाद के कारण यह इलाका विकास से पूरी तरह कट चुका था, लेकिन अब सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं के पहुंचने से हालात तेजी से बदल रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन और प्रशासन की लगातार सक्रियता से लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है और अब गांवों में विकास की नई उम्मीद दिखाई देने लगी है।




कोई टिप्पणी नहीं