"बस्तर सांसद महेश कश्यप ने श्री श्री रविशंकर से की भेंट, ‘गौर मुकुट’ और माँ दंतेश्वरी की छवि भेंट कर किया अभिनंदन" "महेश कश...
"बस्तर सांसद महेश कश्यप ने श्री श्री रविशंकर से की भेंट, ‘गौर मुकुट’ और माँ दंतेश्वरी की छवि भेंट कर किया अभिनंदन"
"महेश कश्यप ने आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से मुलाकात कर बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति का परिचय कराया। इस दौरान सांसद ने गुरुदेव को बस्तर की पहचान माने जाने वाले पारंपरिक ‘गौर मुकुट’ एवं माँ दंतेश्वरी की पावन छवि भेंट कर सम्मानित किया।"
आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम, बेंगलुरु प्रवास के दौरान बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी भी उपस्थित रहीं। दोनों ने गुरुदेव के चरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा बस्तर अंचल की सुख-समृद्धि और शांति के लिए मार्गदर्शन लिया।
मुलाकात के दौरान सांसद महेश कश्यप ने बस्तर की गौरवशाली जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक ‘गौर मुकुट’ गुरुदेव को भेंट किया। साथ ही उन्हें पारंपरिक शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सांसद ने बस्तरवासियों की आस्था की केंद्र अधिष्ठात्री माँ दंतेश्वरी की पावन छवि भी गुरुदेव को भेंट स्वरूप प्रदान की।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी का सानिध्य प्राप्त करना उनके लिए एक अलौकिक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि गुरुदेव की दिव्य ऊर्जा और सकारात्मक विचार समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
इस दौरान गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी ने बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय कला, परंपराओं तथा वहां के सरल और सीधे-सच्चे लोगों की सराहना की। उन्होंने सांसद महेश कश्यप को जनसेवा के कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए बस्तर अंचल के सर्वांगीण विकास, शांति, सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।
गुरुदेव ने पूरे प्रदेश के लिए मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए समाज में सद्भाव, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार पर बल दिया।



कोई टिप्पणी नहीं