जगदलपुर : बस्तर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रव...
जगदलपुर : बस्तर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। मांदर, रायकोट और कोडेनार क्षेत्रों में की गई छापेमार कार्रवाई के दौरान रेत और चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते छह वाहनों को जब्त किया गया।
जिला खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में गठित जांच दल सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहा। जांच के दौरान मांदर क्षेत्र में रेत से भरे तीन वाहनों को रोका गया। दस्तावेजों की जांच के दौरान वाहन चालक वैध रॉयल्टी पर्ची अथवा पिटपास प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद रायकोट क्षेत्र में एक हाईवा को अवैध रूप से चूना पत्थर का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वहीं कोडेनार क्षेत्र में घेराबंदी कर रेत से भरे दो टिप्परों को भी जब्त किया गया।
खनिज विभाग ने सभी जब्त वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया है। वाहन मालिकों एवं चालकों के खिलाफ अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला खनिज अधिकारी शिखर चेरपा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग रात के समय और सुनसान मार्गों का उपयोग कर अवैध खनिज परिवहन कर रहे हैं, जिससे शासन को राजस्व की हानि हो रही है। ऐसे मामलों में केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज चोरी और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी। आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार के आकस्मिक जांच अभियान जारी रहेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं