"दलपत सागर क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी, 45 हजार से अधिक कीमत की प्रतिबंधित दवा जब्त—NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई" जगदलपु...
"दलपत सागर क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी, 45 हजार से अधिक कीमत की प्रतिबंधित दवा जब्त—NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई"
जगदलपुर, 01 मई 2026 : बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में लगातार की जा रही कार्रवाई के क्रम में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल की शाम को थाना कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति दलपत सागर सुलभ के पास मोटरसाइकिल में अवैध नशीली कैप्सूल रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम ने बताए गए हुलिये के आधार पर दो संदिग्धों को पकड़ा, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम बबलू कश्यप (35 वर्ष) निवासी बैला बाजार दंतेश्वरी वार्ड तथा मिथलेश कुमार यादव (31 वर्ष) निवासी हीकमिपारा, जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से मोटरसाइकिल के हैंडल में छुपाकर रखे गए ट्रामाडोल के 09 पत्ते, कुल 114 नग कैप्सूल (कुल वजन 23.02 ग्राम) बरामद किए गए, जिसकी अनुमानित कीमत 45,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को 30 अप्रैल को विशेष न्यायालय NDPS, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, प्रधान आरक्षक मोहन कश्यप सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं