"बस्तर की छात्रा रागिनी बघेल का जूनियर राष्ट्रीय क्रिकेट में चयन, तेज गेंदबाज के रूप में बनाएंगी पहचान, क्षेत्र में खुशी की लहर।"...
"बस्तर की छात्रा रागिनी बघेल का जूनियर राष्ट्रीय क्रिकेट में चयन, तेज गेंदबाज के रूप में बनाएंगी पहचान, क्षेत्र में खुशी की लहर।"
जगदलपुर/दरभा, 28 अप्रैल 2026 बस्तर जिले के विकासखंड दरभा अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदबहार की कक्षा 10वीं की छात्रा रागिनी बघेल ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर जूनियर राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रागिनी का चयन दाएं हाथ की तेज गेंदबाज (फास्ट बॉलर) के रूप में हुआ है, जो उनके उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
रागिनी की इस सफलता के पीछे विद्यालय के पीटीआई नोहर सिंह सलाम और व्याख्याता प्रमोद कुमार मरावी (राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी) का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। दोनों के मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण ने रागिनी को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से प्रमोद कुमार मरावी द्वारा दशहरा अवकाश के दौरान भी विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया गया, जिससे खिलाड़ियों की तैयारी और अधिक सुदृढ़ हो सकी।
गौरतलब है कि इस वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कुल पांच बालिकाओं का चयन किया गया था, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रागिनी बघेल ने राष्ट्रीय स्तर के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
रागिनी बघेल 26 अप्रैल को अपने पिता के साथ जगदलपुर से बिलासपुर के लिए रवाना हुईं। इसके बाद 27 अप्रैल को उसलापुर रेलवे स्टेशन, बिलासपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया, जहां वे जूनियर राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रदेश और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्री दीपक कुमार घोष सहित समस्त शिक्षकगण और स्टाफ ने रागिनी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने विश्वास जताया कि रागिनी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगी।


कोई टिप्पणी नहीं