Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

प्रवीर वार्ड में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, बच्चों को कॉपी-पेन वितरण कर शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

जगदलपुर। शहर के प्रवीर वार्ड में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक समरसता के वातावरण में मनाई गई। प्रति...


जगदलपुर। शहर के प्रवीर वार्ड में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक समरसता के वातावरण में मनाई गई। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्डवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदन के साथ हुई। इसके पश्चात वार्ड में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें “जय भीम” के उद्घोष के साथ लोगों ने बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस दौरान सामाजिक एकता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का आह्वान किया गया।


समारोह के अंतर्गत आयोजन समिति द्वारा छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को कॉपी एवं पेन वितरित किए गए। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष बाबा साहब की जयंती के अवसर पर जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल की जाती है, ताकि वे पढ़-लिखकर अपने भविष्य को संवार सकें। इस पहल को वार्डवासियों ने सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में बाबा साहब के प्रसिद्ध मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” की विस्तृत व्याख्या करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जिससे व्यक्ति अपने अधिकारों के प्रति सजग होता है और समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि जब तक व्यक्ति शिक्षित नहीं होगा, तब तक वह अपने अधिकारों की पहचान नहीं कर पाएगा। शिक्षा प्राप्त कर ही व्यक्ति समाज को संगठित कर सकता है और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और आगे चलकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर वार्ड के गणमान्य नागरिक मंगल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने की अपील की। वहीं दुर्योधन कश्यप ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने में शिक्षा की भूमिका सबसे अहम है।
कार्यक्रम के अंत में सभी वार्डवासियों एवं बच्चों को खीर खिलाकर जयंती की खुशियां साझा की गईं। आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक और शैक्षिक कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहब के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर ईश्वर बघेल, वीरेंद्र शर्मा, सोनधर नेताम, मुन्ना नेताम, मोहनलाल नाग, सोनू नेताम, सुखराम, लायबान, भूपेंद्र नाग, सोमनाथ नाग, आशीष, सुनील, बठलू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

Girl in a jacket