नारीशक्ति वंदन सम्मेलन का भव्य आयोजन, शहर में निकली विशाल स्कूटी रैली जगदलपुर, 16 अप्रैल 2026। केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र म...
नारीशक्ति वंदन सम्मेलन का भव्य आयोजन, शहर में निकली विशाल स्कूटी रैली
जगदलपुर, 16 अप्रैल 2026। केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित “नारीशक्ति वंदन अधिनियम” के समर्थन में बुधवार को स्थानीय वीर सावरकर भवन में भव्य नारीशक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर में मातृशक्तियों द्वारा विशाल स्कूटी रैली भी निकाली गई।
कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेण्डी सहित विभिन्न समाज एवं संस्थाओं की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। सम्मेलन में महिलाओं ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें महिला अधिकारों को सशक्त बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
सम्मेलन के दौरान सामाजिक एवं सेवा क्षेत्र से जुड़ी प्रबुद्ध महिलाओं का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में लता उसेण्डी ने कहा कि “नारीशक्ति वंदन अधिनियम” देश की महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन आएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना केवल प्रतिनिधित्व का विषय नहीं, बल्कि लोकतंत्र को अधिक संवेदनशील, संतुलित और उत्तरदायी बनाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जो उनकी राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करेगा।
उसेण्डी ने प्रधानमंत्री द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं—बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा महिलाओं के बैंक खाते खोलने जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान पद्मश्री बुधरी ताटी सहित कई प्रबुद्ध महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वंदना झा ने किया।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।



कोई टिप्पणी नहीं