"माचकोट परिक्षेत्र में वन भूमि अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: 11 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए" जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के ...
"माचकोट परिक्षेत्र में वन भूमि अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: 11 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए"
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर वन मंडल अंतर्गत माचकोट परिक्षेत्र में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और विखंडन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सुकमा जिले से आए बताए जा रहे हैं, जिनके विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
वन विभाग के अनुसार, आरोपियों पर भारतीय वन अधिनियम 1927 और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 के तहत प्रकरण दर्ज कर बुधवार को न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार सभी 11 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।
बताया गया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से 6 पहले भी वन अपराध के मामलों में जेल जा चुके हैं और उन्हें आदतन अपराधी माना जा रहा है। ये लगातार वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने की गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
यह कार्रवाई माचकोट परिक्षेत्र अधिकारी सुमीत साहा के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में परिक्षेत्र सहायक बनसिंह कर्मा, बुधसन बघेल सहित कई वनकर्मी और वन प्रबंधन समिति के सुरक्षा श्रमिक सक्रिय रूप से शामिल रहे।
उप वन मंडलाधिकारी योगेश कुमार रात्रे ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त और निगरानी की जा रही है। साथ ही, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
मुख्य वन संरक्षक आलोक कुमार तिवारी ने कहा कि वनों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मैदानी अमले की सतर्कता से समय रहते अतिक्रमण को रोका गया। वहीं, वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से वन विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अवैध हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं