"नर्स भर्ती में अनियमितता का आरोप: पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने स्वास्थ्य विभाग पर उठाए सवाल" जगदलपुर:जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद...
"नर्स भर्ती में अनियमितता का आरोप: पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने स्वास्थ्य विभाग पर उठाए सवाल"
जगदलपुर:जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए नर्सिंग स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया में भारी अनियमितता और लेन-देन के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है, जिसके चलते कई योग्य और पात्र उम्मीदवारों को अवसर से वंचित होना पड़ा है।
पूर्व विधायक ने बताया कि पहले पात्रता के आधार पर उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था, लेकिन जब बस्तर क्षेत्र की होनहार अभ्यर्थी इंटरव्यू देने पहुंचीं, तो उन्हें अचानक नई सूची का हवाला देकर वापस लौटा दिया गया। इस घटना से अभ्यर्थियों में भारी निराशा और आक्रोश देखा जा रहा है।
रेखचंद जैन ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में कथित रूप से लेन-देन का खेल चल रहा है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ साबित होगा।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि योग्य उम्मीदवारों को न्याय मिल सके।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इसी तरह शिक्षा और पुलिस विभाग की भर्तियों में भी अनियमितताओं के आरोप सामने आ चुके हैं, जिससे सरकारी भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर लगातार प्रश्नचिह्न लगते रहे हैं।


कोई टिप्पणी नहीं