"दंतेवाड़ा के बच्चों से सपरिवार मिलेंगे सचिन तेंदुलकर, 22 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ होगा आगमन...
"दंतेवाड़ा के बच्चों से सपरिवार मिलेंगे सचिन तेंदुलकर, 22 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ होगा आगमन"
दंतेवाड़ा, 17 अप्रैल। नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में अब शिक्षा और खेल के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को अपने परिवार के साथ दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे। यह दौरा जिले के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सचिन तेंदुलकर जिले के छिंदनार, पोंडर और जावंगा क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे।
जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सचिन तेंदुलकर की संस्था द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इस पहल के तहत दंतेवाड़ा के लगभग 25 स्कूलों और आश्रमों में खेल गतिविधियों को विकसित किया जा रहा है। बच्चों को क्रिकेट सहित अन्य खेलों की तकनीकी जानकारी दी जा रही है और खेल मैदानों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।
मानदेशी फाउंडेशन के सहयोग से जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अब तक कई स्कूलों में मैदान तैयार हो चुके हैं, जबकि कई स्थानों पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इन मैदानों में छिंदनार, कासोली, पोटाकेबिन, गुमड़ा, करली, बंगापाल सहित कई अन्य गांव शामिल हैं।
इस दौरे के दौरान पेंड्रा में बनाए गए क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन भी किया जा सकता है। इसके अलावा जावंगा ऑडिटोरियम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें जिले के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
सचिन तेंदुलकर के आगमन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। प्रशासन द्वारा तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। यह दौरा न केवल बच्चों के लिए प्रेरणादायक होगा, बल्कि दंतेवाड़ा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी दिलाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं