जगदलपुर, 16 अप्रैल 2026/ कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के...
जगदलपुर, 16 अप्रैल 2026/ कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी जगदलपुर और ओडिशा के नबरंगपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 29 पत्तों में 232 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिनका कुल वजन 129.92 ग्राम है। जब्त नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि आमागुड़ा चौक में एक युवक काले बैग में नशीली कैप्सूल रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी समीर बघेल को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 27 पत्तों में 216 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुईं, जिनका वजन 120.96 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ओडिशा के नबरंगपुर से नशीली दवाएं लाकर शहर में युवाओं को बेचता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस की विशेष टीम ने नबरंगपुर पहुंचकर सप्लायर सम्मुख ईश्वर उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2 पत्तों में 16 ट्रामाडोल कैप्सूल (8.96 ग्राम) बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 8 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


कोई टिप्पणी नहीं