जगदलपुर, 09 अप्रैल 2026। बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के सुदूर अंचल स्थित ग्राम पंचायत करका के पैरी पखना गांव में गुरुवार को कलेक्टर श्री आक...
जगदलपुर, 09 अप्रैल 2026। बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के सुदूर अंचल स्थित ग्राम पंचायत करका के पैरी पखना गांव में गुरुवार को कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके निराकरण के निर्देश दिए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में बसे इस गांव तक पहुंचने के लिए कलेक्टर ने सुकमा जिले के बंकेपाल तक चारपहिया वाहन से यात्रा की, इसके बाद पैदल और मोटरसाइकिल से कठिन रास्ता तय कर गांव पहुंचे।
गांव पहुंचने पर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन का आत्मीय स्वागत किया। चौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर मोबाइल नेटवर्क, राशन वितरण, आधार कार्ड निर्माण, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, राशन दुकान, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने कहा कि पूर्व में माओवादी गतिविधियों के कारण यह क्षेत्र विकास से अछूता रहा, लेकिन अब स्थिति में सुधार के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गांव को सड़क से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आधार कार्ड निर्माण के लिए प्रत्येक सोमवार को शिविर आयोजित किया जाए, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए हर महीने के तीसरे सोमवार को स्वास्थ्य शिविर अनिवार्य रूप से लगाया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को वन अधिकार पट्टा, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना और मातृ वंदन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इसके साथ ही ग्रामीणों को पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने गांव में प्रचलित पारंपरिक पेयजल स्रोत ‘चुंआ’ का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं मच्छरदानी वितरित की गई। वहीं बच्चों को चॉकलेट, बिस्किट, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतलें प्रदान की गईं। साथ ही विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत चयनित हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया गया।
चौपाल कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री सी.पी. बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे, एसडीएम श्री शंकर लाल सिन्हा, एसडीओपी श्री लक्ष्मण पोटाई सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं