कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने चिंगनार में स्वास्थ्य केंद्र और छात्रावास का किया निरीक्षण कलेक्टर ने चिंगना...
कलेक्टर ने चिंगनार में स्वास्थ्य केंद्र और छात्रावास का किया निरीक्षण
कोंडागांव: जिले की कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने फरसगांव विकासखंड के ग्राम चिंगनार का दौरा कर स्वास्थ्य केंद्र एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने व्यवस्थाओं में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए।
कलेक्टर ने प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में बच्चों से सीधे संवाद कर आवासीय व्यवस्था, भोजन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। बातचीत के दौरान बच्चों ने मध्यान्ह भोजन में सब्जी नहीं मिलने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रधान पाठक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्रावास के शौचालयों की मरम्मत और परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही छात्रावास अधीक्षक को सख्त हिदायत दी कि भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार ही उपलब्ध कराया जाए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रसव सेवाओं एवं उच्च जोखिम वाली गर्भवती (एचआरपी) महिलाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने चिंगनार जलाशय का भी निरीक्षण किया और अपूर्ण लाइनिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण करने हेतु जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम श्री अश्वन पुसाम, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी श्री ईमल बघेल, जनपद पंचायत सीईओ श्री रूपेंद्र नेताम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।







कोई टिप्पणी नहीं