रायपुर, 14 अप्रैल 2026 प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने पुसौर नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों ...
रायपुर, 14 अप्रैल 2026 प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने पुसौर नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन लाइब्रेरी भवन, पुष्पवाटिका उद्यान, चंदन तालाब सहित अन्य प्रमुख परियोजनाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ विकास सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके पश्चात नगर पंचायत पुसौर के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री चौधरी ने क्षेत्र में संचालित योजनाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया। उन्होंने अधिकारियों से अद्यतन जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि आमजन को उनका सीधा लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि संयुक्त प्रयासों से ही क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास संभव है। उन्होंने पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग और सक्रिय सहभागिता की भी अपील की।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत पुसौर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें पुष्पवाटिका उद्यान निर्माण के लिए लगभग 2.92 करोड़ रुपये, बोरोडीपा चौक से कॉलेज तक बी.टी. रोड एवं नाली निर्माण हेतु 4.08 करोड़ रुपये, चंदन तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 2.10 करोड़ रुपये तथा लाइब्रेरी भवन निर्माण के लिए करीब 99.12 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा तेलीतार तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत पुसौर के अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




कोई टिप्पणी नहीं