जगदलपुर : दीपक बैज ने सोमवार को एक वीडियो बयान जारी कर छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश में बढ़...
जगदलपुर : दीपक बैज ने सोमवार को एक वीडियो बयान जारी कर छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ गंभीर घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
दीपक बैज ने बीजापुर में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, दुर्ग में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म, अंबिकापुर में महिला से दुष्कर्म और रायपुर में हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का भय कम होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल के कुछ मामलों में राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम सामने आने की चर्चा भी हो रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। बैज ने कहा कि यदि किसी भी मामले में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता या प्रभावशाली लोग शामिल हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता दिखानी चाहिए।
बैज ने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर व्यापक समीक्षा की भी मांग की।


कोई टिप्पणी नहीं