राज्यपाल ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से की मुलाकात, आजीविकामूलक कार्यों की ली जानकारी बालोद : शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रम...
राज्यपाल ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से की मुलाकात, आजीविकामूलक कार्यों की ली जानकारी
बालोद : शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल तांदुला जलाशय के समीप स्थित रिसॉर्ट के हेलीपेड पर पहुंचे। उनके आगमन पर कलेक्टर दिव्या मिश्रा, एसपी योगेश पटेल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर राज्यपाल डेका ने जिले में संचालित महिला स्व-सहायता समूहों की आजीविकामूलक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनते जा रहे हैं। उनके माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज को भी सशक्त कर रही हैं।
राज्यपाल ने उपस्थित अधिकारियों से जिले में चल रहे विकास कार्यों, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और हुनर को प्रोत्साहन देकर जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
इस दौरान राज्यपाल ने तांदुला जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता की भी प्रशंसा की और इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय संसाधनों का उपयोग करते हुए रोजगार मूलक अवसरों को और अधिक बढ़ावा दिया जाए।
इस प्रेरणादायक दौरे से जिले के स्व-सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को नई ऊर्जा और दिशा मिली है। ग्रामीण महिलाएं राज्यपाल से मिलकर उत्साहित दिखीं और उन्होंने अपने कार्यों को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।
कोई टिप्पणी नहीं