जनपद फिंगेश्वर में संकाय सदस्य पर गंभीर आरोप, कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी राजिम : जनपद पंचायत फिंगेश्वर में पदस्थ संकाय सद...
जनपद फिंगेश्वर में संकाय सदस्य पर गंभीर आरोप, कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी
राजिम : जनपद पंचायत फिंगेश्वर में पदस्थ संकाय सदस्य अभयप्रकाश साहू एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। मनरेगा विभाग के कर्मचारियों ने उनके खिलाफ अमर्यादित आचरण और अशोभनीय भाषा के प्रयोग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपे गए लिखित शिकायत में चेतावनी दी है कि यदि संकाय सदस्य को पद से नहीं हटाया गया, तो वे कार्यालयीन कार्य से विरत हो जाएंगे।
शिकायत के अनुसार, 20 मई को सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर के दौरान अभयप्रकाश साहू ने तकनीकी सहायक के साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया। घटना स्थल पर मौजूद डाटा एंट्री ऑपरेटर हारवेन्द्र साहू और सहायक ग्रेड-03 ईश्वर यदु ने भी इस घटना की पुष्टि की है।
कर्मचारियों का आरोप है कि साहू ने बार-बार महिला कर्मचारियों पर अश्लील टिप्पणियां कीं, साथ ही अधिकारियों को अपमानित करते हुए खुद को प्रभावशाली बताया। यहां तक कहा कि “जनपद सीईओ को मैं अपनी जेब में रखता हूं” और कर्मचारियों की गोपनीय प्रतिवेदन (सीआर) खराब करा सकता हूं।
इस पूरे प्रकरण से जनपद में प्रशासनिक वातावरण में असंतोष फैल गया है। शिकायत की प्रतिलिपि आयुक्त महात्मा गांधी नरेगा, कलेक्टर गरियाबंद, सीईओ जिला पंचायत गरियाबंद, एसडीएम राजिम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है। अब निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है।
कोई टिप्पणी नहीं