सारागांव सड़क हादसा: 13 लोगों की दर्दनाक मौत, डिप्टी सीएम अरुण साव ने जताया गहरा शोक: रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद दर्...
सारागांव सड़क हादसा: 13 लोगों की दर्दनाक मौत, डिप्टी सीएम अरुण साव ने जताया गहरा शोक:
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद दर्दनाक समाचार सामने आया है। रविवार देर रात रायपुर जिले के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारागांव के समीप बंगोली नाला के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई, जिनमें 4 मासूम बच्चे और 9 महिलाएं शामिल हैं। इस हादसे में 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग आरंग ब्लॉक के चटौद गांव लौट रहे थे, जहां वे बाना गांव में एक छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस आ रहे थे। करीब 50 यात्रियों से भरा माजदा वाहन जैसे ही बंगोली नाला के समीप पहुंचा, एक तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि माजदा अनियंत्रित होकर एक डंपर से जा भिड़ा। डंपर पुणे से रांची की ओर जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जताया गहरा दुःख:
इस हृदय विदारक घटना पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने संदेश में उन्होंने लिखा:
> “रायपुर जिले के सारागांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ है। महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है तथा शासन की ओर से घायलों के उपचार हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। ईश्वर पुण्यात्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
पूरे राज्य में इस दुर्घटना को लेकर शोक की लहर है। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे हैं। सरकार ने घायलों के उपचार के लिए फौरन मदद और संसाधनों की व्यवस्था शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं