भारी मशीनों के संचालन में भी आगे महिलाएं: गेवरा वर्कशॉप में कर रहीं बेहतरीन प्रदर्शन: कोरबा : तकनीकी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लग...
भारी मशीनों के संचालन में भी आगे महिलाएं: गेवरा वर्कशॉप में कर रहीं बेहतरीन प्रदर्शन:
कोरबा : तकनीकी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, और इसका बेहतरीन उदाहरण SECL की केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला (CEWS) गेवरा में देखने को मिल रहा है। यहां महिलाएं हाइड्रोलिक सिस्टम, टाई रॉड और ट्रांसमिशन जैसे जटिल तकनीकी क्षेत्रों में दक्षता के साथ काम कर रही हैं और अपने कौशल का लोहा मनवा रही हैं।
गेवरा वर्कशॉप, जो एशिया की सबसे बड़ी वर्कशॉप में से एक है, में कुल 215 कर्मचारियों में से 67 महिलाएं कार्यरत हैं। ये महिलाएं न केवल भारी मशीनों के संचालन और मरम्मत में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, बल्कि तकनीकी नवाचारों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
SECL प्रबंधन ने भी महिलाओं की इस बढ़ती भागीदारी की सराहना की है। कंपनी का मानना है कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यस्थल पर एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है और यह संगठन के समग्र विकास में सहायक साबित हो रहा है।
महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल:
गेवरा वर्कशॉप में महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे आधुनिक मशीनरी को बारीकी से समझ सकें और कार्यस्थल पर नई ऊंचाइयों को छू सकें। इनमें से कई महिलाएं ऐसी भूमिकाओं में काम कर रही हैं, जो पहले पारंपरिक रूप से पुरुषों के लिए मानी जाती थीं।
वर्तमान में, यह वर्कशॉप महिला सशक्तिकरण और तकनीकी दक्षता का प्रतीक बन गई है। यहां कार्यरत महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि अगर अवसर और प्रशिक्षण मिले तो वे किसी भी चुनौतीपूर्ण कार्य को बखूबी निभा सकती हैं।
SECL का यह कदम न केवल संगठन को नई दिशा दे रहा है, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र में लैंगिक समानता की ओर भी महत्वपूर्ण पहल कर रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं