जगदलपुर : संयुक्त छात्रावास सद्भावना एकता दिवस का आयोजन 08 फरवरी से 12 फरवरी तक किया जा रहा है। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन आज 250 ...
जगदलपुर : संयुक्त छात्रावास सद्भावना एकता दिवस का आयोजन 08 फरवरी से 12 फरवरी तक किया जा रहा है। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन आज 250 सीटर पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, धरमपुरा क्रमांक–03 में हुआ। उद्घाटन समारोह में वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि बस्तर के सभी प्रमुख शैक्षणिक संस्थान भाजपा सरकार की देन हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने बस्तर को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। शिक्षा को सरकार की पहली प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि सुदूर बस्तर अंचल के बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जैसे जिलों के बच्चे आज यहां के शिक्षण संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं, यही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और सद्भावना एकता दिवस जैसे कार्यक्रम आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
कल दिनांक 08 फरवरी 2026 को अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास, धरमपुरा क्रमांक–03 में मंत्री केदार कश्यप के आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत में पीएमटी 130 सीटर बालिका छात्रावास से संतोषी एवं साथियों तथा 150 सीटर बालिका छात्रावास से भूमिका एवं उनके साथियों द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित अतिथियों और छात्रों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर छात्रावासों के बीच आपसी सहयोग, अनुशासन और सांस्कृतिक एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व छात्र सदस्य बृज नंदन वर्मा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय सदस्य एवं पूर्व छात्र नेता जयराम दास, युवा नेता अमित रामटेके, अभाविप के पूर्व प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रीतेश राव तथा पूर्व छात्र आदर्श ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने छात्रों को शिक्षा के माध्यम से समाज और क्षेत्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी छात्रावास अध्यक्षों एवं छात्र-छात्राओं को धन्यवाद दिया गया। इनमें पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति छात्रावास के अध्यक्ष चिरंजीव मौर्य, अनुसूचित जाति बालक छात्रावास के अध्यक्ष अविनाश जुमार, 150 सीटर बालिका छात्रावास की अध्यक्ष जेमनी बघेल, 130 सीटर बालिका छात्रावास की अध्यक्ष संगीता मौर्य तथा 50 सीटर बालिका छात्रावास की अध्यक्ष श्रीजा ठंडियां शामिल हैं।
संयुक्त छात्रावास सद्भावना एकता दिवस के तहत आगामी दिनों में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे छात्रों में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को और मजबूती मिलेगी।







कोई टिप्पणी नहीं