30 अक्टूबर 2026 | राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में 1122 प्रतिभागिय...
30 अक्टूबर 2026 | राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में 1122 प्रतिभागियों को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण में भूमिका पर दिया जोर।

- 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार
- राज्यपाल ने जल, जंगल और पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया
- सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर और दीर्घकालीन सेवा के लिए सम्मान
राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में प्रदेशभर से चयनित 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स को पुरस्कार दिए गए। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की।
राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण को आज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि जल और जंगल को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उनके अनुसार स्काउट्स और गाइड्स पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और वनों की रक्षा में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना की और कहा कि ऐसी पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी साबित हो रही हैं।
राज्यपाल ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संगठन के आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुरस्कार के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है, इसलिए सभी प्रतिभागी समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान दें।
राज्यपाल ने बस्तर क्षेत्र से आए स्काउट्स और गाइड्स की उपस्थिति पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में शांति स्थापित हुई है और क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। युवाओं को उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउटिंग के नियम और प्रतिज्ञाएं सदस्यों को विशिष्ट पहचान देते हैं। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण के मूल्यों का प्रतीक है। उनके अनुसार स्काउटिंग से जुड़ा व्यक्ति जीवनभर सेवा के भाव से कार्य करता है। उन्होंने प्रदेश के अधिक से अधिक स्काउट्स और गाइड्स को राष्ट्रपति पुरस्कार पाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ स्काउटर योगेश्वर प्रसाद गांगुली (बालोद) सहित कई प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ गाइडर तनुजा बंजारे एवं लता वैष्णव (महासमुंद) रहीं। दीर्घकालीन सेवाओं के लिए छह व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि दी गई। समारोह में पीपिंग सेरेमनी भी हुई, जिसमें लोकभवन में पदस्थ एडीसी उदित पुष्कर (आईपीएस) को रैंक बैज लगाया गया।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं