• प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रेन आने से बुजुर्गों, मरीजों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को हो रही परेशानी, सांसद ने त्वरित पहल का दिया आश्वासन ...
• प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रेन आने से बुजुर्गों, मरीजों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को हो रही परेशानी, सांसद ने त्वरित पहल का दिया आश्वासन :
जगदलपुर : बस्तर क्षेत्र के रेल यात्रियों को हो रही असुविधा को लेकर स्थानीय नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बस्तर सांसद महेश कश्यप से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेन संख्या 18515 विशाखापट्टनम-जगदलपुर एक्सप्रेस का जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन प्लेटफॉर्म नंबर 3 के बजाय प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आने के कारण यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने के लिए सीढ़ियों और फुट ओवरब्रिज का उपयोग करना पड़ता है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, मरीजों, दिव्यांगजनों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार बस्तर क्षेत्र से बड़ी संख्या में मरीज बेहतर उपचार के लिए विशाखापट्टनम जाते हैं। उपचार के बाद लौटने वाले मरीजों को बीमारी अथवा शारीरिक कमजोरी की स्थिति में प्लेटफॉर्म नंबर 3 से सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में काफी दिक्कत होती है। यात्रियों ने जनहित और सुविधा को देखते हुए ट्रेन संख्या 18515 का आगमन स्थायी रूप से प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर कराने की मांग रखी।
सांसद महेश कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं और मांग को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि यात्रियों की यह मांग जनहित से जुड़ी और जायज है। सांसद ने आश्वासन दिया कि वे इस संबंध में ईस्ट कोस्ट रेलवे के उच्च अधिकारियों और वाल्टेयर रेल डिवीजन के डीआरएम से चर्चा कर ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि बस्तर के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और यात्री सुविधा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को रेलवे अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में बस्तर रेल विकास समिति के सदस्यों पार्षद एवं जिला उपाध्यक्ष नरसिंह राव, बी. रामेश्वर राव, नीरज उस्तान, ए.वी. रामा राव, राजेश साव, एन. वेणुगोपाल, पी. रंगा आचार्य और अनुप सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, रेल यात्री एवं क्षेत्रवासी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सांसद की पहल से ट्रेन संख्या 18515 का प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आगमन सुनिश्चित होगा, जिससे बस्तर क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को राहत मिलेगी।



कोई टिप्पणी नहीं