• 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, रक्तदान, पौधरोपण और जनसेवा के कार्यक्रम होंगे आयोजित : जगदलपुर : भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधा...
• 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, रक्तदान, पौधरोपण और जनसेवा के कार्यक्रम होंगे आयोजित :
जगदलपुर : भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक एवं जनसेवा जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया है। पार्टी के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भी सहभागिता रहेगी।
अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से होगी। इस अवसर पर जगदलपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा के अनुसार, माँ श्री दंतेश्वरी मंदिर के समक्ष सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम में राष्ट्र की उन्नति और खुशहाली के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की मंगलकामना की जाएगी।
इसके अलावा श्री जगन्नाथ मंदिर, भगवान विश्वकर्मा मंदिर, अटल स्मारक और भाजपा जिला कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। भाजपा ने आम नागरिकों से अपने घरों और कार्यस्थलों पर दीप जलाकर अभियान में सहभागिता करने का आग्रह किया है।
रक्तदान और पौधरोपण कार्यक्रम भी होंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा द्वारा महारानी जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मरीजों को फल आदि वितरित करने का कार्यक्रम भी रखा गया है।
अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत पौधरोपण भी किया जाएगा। भाजपा के अनुसार, पूरे एक महीने तक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने बस्तरवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने तथा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।


कोई टिप्पणी नहीं