• बेलपोच्चा-गोमपाड़ मार्ग के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त कार्रवाई : सुकमा : नक्सल उन्मूलन अभियान...
• बेलपोच्चा-गोमपाड़ मार्ग के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त कार्रवाई :
सुकमा : नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोंटा क्षेत्र में बेलपोच्चा से गोमपाड़ जाने वाले मार्ग के समीप सघन जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डम्प बरामद किया गया है। डम्प से दो टिफिन बम सहित भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार बरामद दोनों टिफिन बम वायर रहित अवस्था में थे। इनमें एक का वजन 5 किलोग्राम और दूसरे का 3 किलोग्राम बताया गया है। दोनों का कुल वजन 8 किलोग्राम है।
पुलिस को आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस के आधार पर जानकारी मिली थी कि बेलपोच्चा से गोमपाड़ की ओर जाने वाले मार्ग के आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी गई है।
इसी सूचना के आधार पर 30 अगस्त 2026 को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुबह करीब 11 बजे जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में छिपाए गए नक्सली डम्प का पता चला।
सर्चिंग के दौरान डम्प से 4 बंडल कोडेक्स वायर, 10 डेटोनेटर, 17 जिलेटिन, एक बंडल फ्यूज वायर, तीन बंडल बिजली वायर और दो टिफिन बम सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री
कोडेक्स वायर: 4 बंडल
डेटोनेटर: 10 नग
जिलेटिन: 17 नग
फ्यूज वायर: 1 बंडल
बिजली वायर: 3 बंडल
5 किलोग्राम का टिफिन बम: 1 नग
3 किलोग्राम का टिफिन बम: 1 नग
स्टील टिफिन: 2 नग
बिजली वायर से भरे प्लास्टिक डस्टबिन: 2 नग
बैटरी: 1 नग
अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री
पुलिस के अनुसार बरामद डम्प को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में की गई। सुकमा पुलिस ने बताया कि नक्सलियों द्वारा जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य सामग्री की तलाश के लिए एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
---



कोई टिप्पणी नहीं