• शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने राजीव भवन में सादगीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित कर पूर्व प्रधानमंत्री के विचारों पर चलने का लिया संकल्प : जगदलपुर : स...
• शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने राजीव भवन में सादगीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित कर पूर्व प्रधानमंत्री के विचारों पर चलने का लिया संकल्प :
जगदलपुर : संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित राजीव भवन में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती सादगीपूर्ण ढंग से मनाई गई। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के राजनीतिक जीवन और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। साथ ही उनके आदर्शों एवं विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
आधुनिक और तकनीकी भारत की नींव रखी : रेखचंद जैन
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने राजीव गांधी के जीवन एवं राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भारत को आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। युवाओं को देश की शक्ति मानते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संचार क्रांति, कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राजीव गांधी के दूरदर्शी निर्णयों ने भारत के विकास की नई नींव रखी। पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करने और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।
रेखचंद जैन ने कहा कि राजीव गांधी की जयंती उनके योगदान को याद करने के साथ-साथ आधुनिक, प्रगतिशील और समावेशी भारत के उनके सपने को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का अवसर है।
देश की एकता और विकास के लिए समर्पित रहा जीवन : राजेश चौधरी
नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि स्व. राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बदलते समय की आवश्यकताओं को समझते हुए भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा और इसे साकार करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं।
उन्होंने कहा कि आज देश में तकनीक और डिजिटल क्षेत्र में दिखाई दे रहे व्यापक बदलावों की मजबूत नींव राजीव गांधी के कार्यकाल में रखी गई थी।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, महामंत्री अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, मंडल अध्यक्ष वेंकट राव, भूवन झा, महेश ठाकुर, सलीम जाफर अली, मोहसिन खान, शेख अयाज, पार्षद रामकृष्ण तिवारी, खीरेंद्र यादव सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं