• 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग, उपभोक्ताओं से भरवाए गए विरोधी आवेदन : जगदलपुर (नगरनार) : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ...
• 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग, उपभोक्ताओं से भरवाए गए विरोधी आवेदन :
जगदलपुर (नगरनार) : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान और बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने, बिजली बिलों में बढ़ोतरी के विरोध और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर व्यापक जनांदोलन किया।
नगरनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया और ब्लॉक कांग्रेस सह प्रभारी नीतीश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संवाद किया। इस दौरान स्मार्ट मीटर के विरोध में उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाए गए। कांग्रेस के अनुसार अभियान के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी अपनी समस्याएं एवं आपत्तियां दर्ज कराईं।
बढ़ते बिजली बिलों पर कांग्रेस ने जताई चिंता
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से महंगाई और आर्थिक दबाव से जूझ रही है। ऐसे में बिजली व्यवस्था में बदलाव और बढ़ते बिजली बिलों की शिकायतों ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ाई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से लाखों परिवारों को राहत मिलती थी। उन्होंने भाजपा सरकार से इस योजना को जनहित में दोबारा लागू करने की मांग की।
सेठिया ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने और 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना को तत्काल बहाल करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो कांग्रेस आगामी दिनों में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
नीतीश शर्मा ने सरकार पर लगाए आरोप
नगरनार ब्लॉक कांग्रेस सह प्रभारी नीतीश शर्मा ने महतारी वंदन योजना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर महिलाओं को ₹1,000 देने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर, बिजली बिल बढ़ोतरी और घरेलू खर्च बढ़ने से परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली आम आदमी की मूलभूत आवश्यकता है। सरकार को बिजली से जुड़े ऐसे निर्णय लेने चाहिए, जिससे गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार, किसान, छोटे व्यापारी और आम उपभोक्ता प्रभावित न हों।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष दयाराम कश्यप, अमित पांडे, लकी भारती, जागेंद्र जीराम, महादेव मंकी, नीलकंठ गोयल, अनंतराम, ईश्वर नाग, बालक गोयल, अमित नीमसार बघेल, दिलीप भारती, पंकज सोनी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




कोई टिप्पणी नहीं