• नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी बोले, पार्क की हालत सुधारने में विफल रहा निगम प्रशासन, जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो करेंगे आंदोलन : जगदलपुर : न...
• नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी बोले, पार्क की हालत सुधारने में विफल रहा निगम प्रशासन, जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो करेंगे आंदोलन :
जगदलपुर : नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने बुधवार, 19 अगस्त को नगर निरीक्षण कार्यक्रम के तहत शहर के हृदय स्थल स्थित शहीद पार्क का निरीक्षण किया। कांग्रेस नेताओं ने पार्क की बदहाल व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
राजेश चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों से लगातार शहीद पार्क की अव्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। निरीक्षण के दौरान पार्क में बच्चों के झूले, फिसल पट्टी और अन्य मनोरंजन संसाधनों के साथ-साथ ओपन जिम के उपकरणों के खराब होने की बात सामने आई। कांग्रेस पार्षद दल ने इनकी मरम्मत नहीं होने पर नाराजगी जताई।
घास, गंदगी और जलभराव से परेशानी
कांग्रेस के अनुसार पार्क में कई स्थानों पर घास और झाड़ियां उगी हुई हैं। मैदान में कीचड़ और पानी का जमाव भी देखा गया। नेताओं का कहना है कि इससे पार्क में आने वाले बच्चों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही है।
पार्क में स्थापित आदिवासी परिवार की मूर्ति की स्थिति पर भी कांग्रेस पार्षद दल ने सवाल उठाए। उनके अनुसार मूर्ति कई जगह से क्षतिग्रस्त है और लंबे समय से रंग-रोगन नहीं कराया गया है।
फव्वारा भी लंबे समय से बंद
राजेश चौधरी ने कहा कि शहीद पार्क की पहचान और आकर्षण का प्रमुख हिस्सा सड़क के मध्य स्थित फव्वारा है, जो पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रिपल इंजन सरकार के महापौर और निगम प्रशासन द्वारा इसकी मरम्मत के लिए आवश्यक पहल नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पार्क में लगी फिसल पट्टी भी कई जगह से उखड़ी हुई है, जिससे बच्चों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। कांग्रेस ने खराब उपकरणों को तत्काल हटाने या उनकी मरम्मत कराने की मांग की।
चार घास कटर मशीनों में तीन खराब होने का दावा
कांग्रेस पार्षद दल ने पार्क की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। राजेश चौधरी के अनुसार पार्क में घास काटने की चार मशीनें हैं, जिनमें से केवल एक चालू स्थिति में है, जबकि तीन मशीनें खराब हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्क में जगह-जगह गंदगी, मैदान में गड्ढे और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस का कहना है कि शहरवासी सुबह-शाम स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण के लिए पार्क पहुंचते हैं, ऐसे में यहां बेहतर साफ-सफाई और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है।
व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी
राजेश चौधरी ने कहा कि शहीद पार्क की स्थिति देखकर शहरवासियों में नाराजगी है। उन्होंने महापौर और निगम प्रशासन से पार्क की सफाई, जल निकासी, फव्वारे, झूले, फिसल पट्टी, ओपन जिम और अन्य सुविधाओं की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहीद पार्क की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्षद दल आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने आंदोलन की जिम्मेदारी महापौर और निगम प्रशासन की होने की बात कही।


कोई टिप्पणी नहीं