• आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी और डिजिटल लर्निंग की व्यवस्था के निर्देश, रिक्त कार्यकर्ता-सहायिका पदों पर माहांत तक भर्ती पूरी करने क...
• आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी और डिजिटल लर्निंग की व्यवस्था के निर्देश, रिक्त कार्यकर्ता-सहायिका पदों पर माहांत तक भर्ती पूरी करने को कहा :
जगदलपुर : कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में दिव्यांगजनों का सर्वे कर उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र दिव्यांगजनों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए क्लस्टर अथवा ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएं। पूर्व में वितरित किए गए कृत्रिम उपकरणों की भी जांच कर उनकी उपयोगिता का आकलन किया जाए। आवश्यकता होने पर उपकरणों में सुधार या बदलाव सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि वे दिव्यांगजनों के लिए पूरी तरह उपयोगी साबित हो सकें।
पात्र बुजुर्गों और महिलाओं को पेंशन योजनाओं से जोड़ने पर जोर
कमिश्नर डोमन सिंह ने सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पात्र बुजुर्गों और महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हर माह हितग्राहियों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को निर्धारित पेंशन योजनाओं से जोड़कर नियमित रूप से लाभान्वित करने पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं को समेकित बाल विकास सेवाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके लिए जिला स्तर के साथ ग्राम पंचायत स्तर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा से जोड़ने के लिए सकारात्मक और नवाचारपूर्ण प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टेलीविजन की व्यवस्था करने तथा बच्चों के लिए डिजिटल लर्निंग मटेरियल तैयार कर रोचक और सहज तरीके से शिक्षा देने पर जोर दिया।
कमिश्नर ने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर बच्चों में सीखने की रुचि विकसित होने से उनके आगे के शैक्षणिक विकास को मजबूत आधार मिलेगा।
रिक्त पदों पर भर्ती माहांत तक पूरी करने के निर्देश
कमिश्नर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर भर्ती प्रक्रिया समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भर्ती प्रक्रिया की प्रगति का माहांत तक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आगामी माह इसकी विस्तृत समीक्षा की जा सके।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त सहित समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास विभाग के संभाग एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।


कोई टिप्पणी नहीं