कांकेर : जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माचपल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में 13 अप्रैल 2026 को हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ की दंडाध...
कांकेर : जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माचपल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में 13 अप्रैल 2026 को हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ की दंडाधिकारी जांच जारी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देश पर पखांजूर के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) मनीष देव साहू इस मामले की जांच कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस घटना से संबंधित कोई लिखित अथवा मौखिक जानकारी, साक्ष्य या तथ्य उपलब्ध हों, तो वे 2 जून 2026 तक कार्यालयीन समय में अनुविभागीय दंडाधिकारी, पखांजूर के न्यायालय में उपस्थित होकर अपनी जानकारी प्रस्तुत कर सकते हैं।
जांच के दौरान कुल 12 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत पड़ताल की जा रही है। इनमें घटना की पृष्ठभूमि, सर्चिंग अभियान के लिए जारी विभागीय आदेश, मुठभेड़ की परिस्थितियां, मृत नक्सलियों की पहचान एवं आपराधिक रिकॉर्ड, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस कार्रवाई, ग्रामीणों के बयान, बरामद सामग्री, एफआईआर और विवेचना सहित अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को शामिल किया गया है।
प्रशासन के अनुसार जांच में यह भी देखा जा रहा है कि 13 अप्रैल को हुई घटना वास्तव में नक्सलियों द्वारा पूर्व नियोजित और षड्यंत्रकारी कार्रवाई थी या नहीं। इसके अलावा मुठभेड़ के दौरान हुई जन-धन हानि, पुलिस बल और आम नागरिकों पर पड़े प्रभाव का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।
दंडाधिकारी जांच का उद्देश्य घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और तथ्यात्मक समीक्षा कर वास्तविक स्थिति को सामने लाना है। प्रशासन ने संबंधित व्यक्तियों से सहयोग करने और उपलब्ध जानकारी जांच दल को सौंपने की अपील की है।


कोई टिप्पणी नहीं