"विधायक किरण सिंह देव और महापौर संजय पांडे ने किया भूमिपूजन, पाथवे, स्ट्रीट लाइट, टो वॉल और वाटर एडवेंचर जैसी सुविधाएं होंगी विकसित...
"विधायक किरण सिंह देव और महापौर संजय पांडे ने किया भूमिपूजन, पाथवे, स्ट्रीट लाइट, टो वॉल और वाटर एडवेंचर जैसी सुविधाएं होंगी विकसित"
जगदलपुर। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत शहर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले गंगामुंडा तालाब के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमिपूजन सोमवार को विश्वकर्मा मंदिर परिसर के समीप संपन्न हुआ। लगभग 3 करोड़ 45 लाख 96 हजार रुपए की लागत से होने वाले इन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव तथा महापौर संजय पांडे ने किया।
परियोजना के तहत तालाब परिसर में पाथवे निर्माण, डामरीकरण और टो वॉल निर्माण जैसे कार्य कराए जाएंगे। इनमें लगभग 1 करोड़ 97 लाख 84 हजार रुपए की लागत से पाथवे एवं डामरीकरण तथा 1 करोड़ 48 लाख 12 हजार रुपए की लागत से टो वॉल निर्माण का कार्य प्रस्तावित है।
करीब 175 एकड़ क्षेत्र में फैला गंगामुंडा तालाब जगदलपुर शहर की सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान माना जाता है। छठ पर्व सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। नगर निगम द्वारा समय-समय पर तालाब की सफाई एवं संरक्षण कार्य भी किए जाते रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि गंगामुंडा तालाब केवल एक जलाशय नहीं बल्कि जगदलपुर की सांस्कृतिक पहचान और आत्मा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में तालाब का गहरीकरण, पगडंडी को सीसी रोड में परिवर्तित करना, वृक्षारोपण और टो वॉल निर्माण जैसे कार्य कराए जा चुके हैं। वार्डवासियों की मांग पर छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए घाट निर्माण भी किया गया था। अब नगर निगम द्वारा तालाब के पूर्ण सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य गंगामुंडा तालाब को शहर का सबसे सुंदर और स्वच्छ तालाब बनाना है। उन्होंने बताया कि तालाब की पूरी परिधि में पाथवे, स्ट्रीट लाइट और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही गंदे पानी के प्रवाह को रोकने तथा वर्षा जल संरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। भविष्य में यहां वाटर एडवेंचर और मोटर बोट संचालन की योजना भी बनाई गई है।
कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, स्वच्छता सभापति लक्ष्मण झा, राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित एमआईसी सदस्य, भाजपा पदाधिकारी, निगम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं