जगदलपुर : ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध ...
जगदलपुर : ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन ने मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत नया प्रवेश सत्र शुरू कर दिया है।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित निजी स्कूलों में कक्षा 12वीं तक निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों की पढ़ाई, फीस और अन्य शैक्षणिक खर्च का पूरा भार राज्य शासन वहन करेगा।
📌 ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्राथमिकता :
योजना को ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए सुनहरा अवसर माना जा रहा है। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थी ही आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए स्थायी जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।
विद्यार्थी वर्तमान में छत्तीसगढ़ की किसी मान्यता प्राप्त संस्था में अध्ययनरत होना चाहिए। साथ ही उसे कक्षा चौथी में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त होना जरूरी है।
योजना विशेष रूप से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई है। इसलिए केवल ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत अथवा नगर पंचायत क्षेत्र के स्कूलों से कक्षा चौथी उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राएं ही आवेदन कर सकेंगे।
📌 100 अंकों की होगी प्रवेश परीक्षा :
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए राज्य स्तरीय लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा 26 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी।
परीक्षा में विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, हिंदी और पर्यावरण विषयों से जुड़े कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय से 20-20 अंकों के प्रश्न शामिल रहेंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका एक ही प्रारूप में होगी तथा विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में स्वयं का पेन या एग्जाम बोर्ड लेकर आना होगा।
इच्छुक विद्यार्थी 20 जून शाम 5 बजे तक अपने विद्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।


कोई टिप्पणी नहीं