जगदलपुर : जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटे जीराखाल में निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर विवाद सामने आया है। पंचायत के पूर्व सर...
जगदलपुर : जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटे जीराखाल में निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर विवाद सामने आया है। पंचायत के पूर्व सरपंच ने वर्तमान सरपंच और सचिव पर निर्माण कार्य की राशि गबन करने का आरोप लगाया है। मामले में सचिव द्वारा जारी निजी चेक दो बार बाउंस होने से पंचायत में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत वर्ष 2023-24 में सीसी सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी संबंधित भुगतान नहीं किया गया। बाद में पंचायत सचिव द्वारा निजी खाते का चेक जारी किया गया, लेकिन वह भी बैंक से दो बार बाउंस हो गया।
पूर्व सरपंच लक्ष्मी बाई कश्यप ने इस संबंध में कलेक्टर बस्तर को शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि पंचायत में निर्माण कार्य की अंतिम राशि करीब 1.68 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया गया और राशि को लेकर लगातार टालमटोल की जा रही है।
दस्तावेजों के अनुसार पहले जारी चेक को बैंक ने “Funds Insufficient” बताते हुए वापस कर दिया। वहीं दूसरे चेक में भी भुगतान नहीं हो सका।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पंचायत स्तर पर शासकीय राशि के भुगतान में गंभीर अनियमितता बरती गई है। मामले में प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में विकास कार्यों के भुगतान को लेकर पारदर्शिता जरूरी है और जिम्मेदार अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।


कोई टिप्पणी नहीं