जगदलपुर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय बस्तर दौरे का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को जगदलपुर के एक निजी होटल में मध्य क्षेत्रीय पर...
जगदलपुर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय बस्तर दौरे का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को जगदलपुर के एक निजी होटल में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बस्तर के इतिहास में यह पहली बार है जब इस स्तर की हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित हो रही है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री सोमवार रात को ही जगदलपुर पहुंच चुके थे, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह जगदलपुर पहुंचे।
• गृहमंत्री अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम :
19 मई 2026 | मंगलवार
सुबह 11:00 बजे – मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक
दोपहर 2:00 बजे से 2:45 बजे तक – दोपहर भोजन
दोपहर 2:50 बजे से 3:30 बजे तक – प्रेस कॉन्फ्रेंस
शाम 3:35 बजे – एयरपोर्ट के लिए रवाना
शाम 3:40 बजे – माता दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगे
शाम 3:45 बजे – दिल्ली के लिए रवाना
शाम 6:00 बजे – पालम एयरफोर्स स्टेशन, नई दिल्ली पहुंचेंगे
शाम 6:25 बजे – आवास पहुंचेंगे
सुरक्षा से विकास तक बदलती तस्वीर दिखाने की कोशिश
बस्तर लंबे समय तक नक्सल हिंसा के कारण देशभर में चर्चा का केंद्र रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा यहां मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित करना केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे बड़ा राजनीतिक और रणनीतिक संदेश भी माना जा रहा है।
सरकार इस बैठक के जरिए यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि बस्तर अब केवल नक्सल प्रभावित क्षेत्र नहीं, बल्कि विकास, प्रशासनिक गतिविधियों और निवेश का नया केंद्र बन रहा है।
जिस इलाके में कभी बड़े नेताओं के दौरे सुरक्षा कारणों से सीमित रहते थे, वहीं अब चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी यह संकेत दे रही है कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई और सरकारी रणनीतियों के बाद हालात में बदलाव आया है।
बताया जा रहा है कि बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, सुरक्षा, आधारभूत संरचना, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बस्तर में इस बैठक को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और पूरे शहर में पुलिस व सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।


कोई टिप्पणी नहीं