जगदलपुर : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह नक्सलवाद के खात्मे के बाद पहली बार बस्तर पहुंचे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने...
जगदलपुर : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह नक्सलवाद के खात्मे के बाद पहली बार बस्तर पहुंचे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने बस्तर के विकास, सुरक्षा और आदिवासी समाज के भविष्य को लेकर कई बड़ी घोषणाएं और बातें कहीं। शाह ने कहा कि “बस्तर के लोगों का 50 वर्षों में जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई हम आने वाले 4-5 वर्षों में करेंगे। जब तक बस्तर पूरी तरह विकसित नहीं होगा, तब तक हमारा संकल्प अधूरा रहेगा।”
नेतानार में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि पिछले छह महीनों में हुए कार्यों के बाद अब पूरा क्षेत्र आदिवासियों की सक्रिय भागीदारी और विकास की नई उम्मीदों से भरा दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इसी धरती से अमर शहीद गुंडाधुर ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष की शुरुआत की थी और अब इस ऐतिहासिक भूमि को तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
अमित शाह ने नक्सलवाद पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब यहां एक साथ कई पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी जाती थी, स्कूलों को उजाड़ दिया जाता था और गरीबों का राशन तक छीन लिया जाता था। उन्होंने कहा कि नक्सली मासूम बच्चों को उनके बचपन में ही जबरन उठा ले जाते थे, लेकिन अब सरकार ने कठोर कदम उठाकर बस्तर से इस “गनतंत्र” को समाप्त कर दिया है।
• अधिकारियों और जवानों का सम्मान :
नेतानार के बाद अमित शाह जगदलपुर स्थित आसना में बादल अकादमी पहुंचे, जहां बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एनआईए, एसएसबी और एनटीआरओ के अधिकारियों का सम्मान किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के एडीजी विवेकानंद सिन्हा और बस्तर आईजी सुंदरराज पी का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों ने भी अपने अनुभव साझा किए। जगरगुंडा की जानकी कश्यप ने बताया कि उनकी आंखों के सामने नक्सलियों ने उनके देवर सहित कई लोगों की हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि पहले गांव जाना भी मुश्किल था, लेकिन अब पुलिस कैंप और सड़कों के निर्माण से हालात बदल गए हैं।
शहीद जवान की बहन पिंकी सेठिया ने कहा कि अब जंगलों में ड्यूटी कर रहे जवानों के परिवारों को पहले जैसा डर नहीं रहेगा।
• डायल 112 के 400 नए वाहन रवाना :
इससे पहले रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में अमित शाह ने डायल 112 सेवा के लिए 400 नए हाईटेक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब अपराध, मेडिकल इमरजेंसी और आगजनी जैसी घटनाओं पर एक ही नंबर से त्वरित सहायता उपलब्ध होगी।
• मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक भी करेंगे संबोधित :
अपने दौरे के अंतिम चरण में अमित शाह जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की आज अध्यक्षता करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होकर विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
---
🔴 अमित शाह के भाषण की प्रमुख बातें
शहीद गुंडाधुर की धरती को तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
बस्तर से बंदूक और भय का दौर समाप्त हो चुका है।
आदिवासी बच्चों को महानगरों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
हर गरीब परिवार को मुफ्त राशन और स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।
पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जारी रहेगी।


कोई टिप्पणी नहीं