Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

जगदलपुर में खिलाड़ियों का अनोखा संदेश: कयाकिंग-कैनोइंग टीम ने चलाया स्वच्छता अभियान

जगदलपुर :  इंद्रावती नदी के पुराने पुल के पास स्थित राम मंदिर परिसर में कयाकिंग एवं कैनोइंग खिलाड़ियों द्वारा एक सराहनीय स्वच्छता अभियान चला...

जगदलपुर : इंद्रावती नदी के पुराने पुल के पास स्थित राम मंदिर परिसर में कयाकिंग एवं कैनोइंग खिलाड़ियों द्वारा एक सराहनीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में सचदेव बघेल, शिव पुजारी, ईशा, सोनम सहित अन्य खिलाड़ियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। खिलाड़ियों ने यह साबित किया कि खेल के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।



इसी के साथ बस्तर में जल क्रीड़ा के क्षेत्र में एक नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। इंद्रावती नदी के पुराने पुल के नीचे ओलंपिक खेल कयाकिंग-कैनोइंग का प्रशिक्षण तेजी से संचालित हो रहा है। प्राकृतिक प्रवाह में अभ्यास कर रहे खिलाड़ी अब अधिक आत्मविश्वास, संतुलन और तकनीकी दक्षता के साथ अपने खेल को निखार रहे हैं।


खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा यह प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक तथा शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। अनुभवी कोच के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को उच्च स्तर की तकनीक, फिटनेस और सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों का अभ्यास लगातार जारी है। उनके प्रयासों से युवाओं को खेलों की ओर जोड़ने और सकारात्मक वातावरण बनाने की दिशा में यह पहल सफल होती नजर आ रही है।

इस पूरे प्रशिक्षण एवं गतिविधियों के प्रभारी कोटेश्वर राव नायडू हैं, जिनके नेतृत्व में खिलाड़ी अनुशासन और लगन के साथ निरंतर अभ्यास कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष हैदराबाद के उसेन सागर में आयोजित प्रतियोगिता में बस्तर के खिलाड़ियों ने 18 पदक हासिल किए थे। इसके अलावा भोपाल, टिहरी (उत्तराखंड) और जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बस्तर का नाम रोशन किया है।

विशेष रूप से बस्तर का एक 7 वर्षीय नन्हा खिलाड़ी भी इस खेल में अपनी प्रतिभा दिखाकर सबसे कम उम्र में भाग लेने का रिकॉर्ड बना चुका है, जो अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बन रहा है।

आगामी मई माह में रायपुर में आयोजित होने वाली जूनियर नेशनल कयाकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों की तैयारियां और तेज कर दी गई हैं। सप्ताह में दो दिन इंदिरा प्रदर्शनी स्टेडियम के जिम में भी विशेष अभ्यास कराया जाता है, जिससे खिलाड़ियों की फिटनेस और सहनशक्ति को और मजबूत किया जा सके।

इस खेल में भाग लेने के लिए तैरना आना अनिवार्य है और इच्छुक खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लगातार तीन नेशनल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को “उत्कृष्ट खिलाड़ी” घोषित कर 21 हजार रुपये का पुरस्कार और शासकीय नौकरी का अवसर भी प्रदान किया जाता है।

नए खिलाड़ियों का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है और यह समय उनके लिए सुनहरा अवसर है। बस्तर के युवा अब तेजी से जल क्रीड़ा की ओर बढ़ रहे हैं और कयाकिंग-कैनोइंग जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल में अपनी पहचान बनाने के लिए उत्साहित हैं। यह पहल आने वाले समय में बस्तर को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं

Girl in a jacket