जगदलपुर, 10 अप्रैल 2026 : जगदलपुर स्थित 80वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा शौर्य दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम का ...
जगदलपुर, 10 अप्रैल 2026 : जगदलपुर स्थित 80वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा शौर्य दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया गया।
समारोह में मानस रंजन, उप-महानिरीक्षक (रेंज जगदलपुर) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने एवं गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि “शौर्य दिवस” केवल एक तिथि नहीं, बल्कि सुरक्षा बलों के अटूट संकल्प और राष्ट्र के प्रति उनके निस्वार्थ समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर जवानों की गाथाओं से प्रेरणा लेने का अवसर है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी देश की अखंडता की रक्षा की।
1965 के रण ऑफ कच्छ की वीरता को किया याद
इस अवसर पर वर्ष 1965 में रण ऑफ कच्छ के सरदार पोस्ट पर CRPF के जवानों द्वारा प्रदर्शित अद्वितीय शौर्य को याद किया गया। उस समय CRPF की एक छोटी टुकड़ी ने पाकिस्तानी सेना के लगभग 3500 सैनिकों का मुकाबला करते हुए न केवल उन्हें पीछे हटने पर मजबूर किया, बल्कि चार सैनिकों को बंदी बनाया और 34 को मार गिराया। इस संघर्ष में CRPF के चार वीर जवान शहीद हुए थे, जिनकी स्मृति में प्रतिवर्ष 9 अप्रैल को शौर्य दिवस मनाया जाता है।
सैनिक सम्मेलन में जवानों का बढ़ाया मनोबल
शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में 80वीं वाहिनी के कमांडेंट जितेंद्र कुमार द्वारा विशेष सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि यह दिवस बल के अदम्य साहस और त्याग का प्रतीक है, जिसने इतिहास की दिशा बदल दी। जवानों का समर्पण ही देश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा का एहसास कराता है।
उन्होंने जवानों को वर्तमान चुनौतियों के प्रति सजग रहने, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने की प्रेरणा दी। साथ ही शारीरिक फिटनेस के लिए नियमित व्यायाम और योग अपनाने, साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग और अनावश्यक लोन से दूर रहने की सलाह भी दी।
राष्ट्रगान के साथ समापन, जवानों के लिए ‘बड़ा खाना’
सैनिक सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात रात्रि में जवानों के लिए ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारी दिनेश कुमार सिंह, पुरुषोत्तम कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी), डॉ. उत्पल गगोई, अमरजीत गुप्ता, ओम कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं