जगदलपुर : पेट्रोल पंप लूट के मामले में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बस्तर पुलिस ने इस मामले के एक आरोपी को महाराष्ट्र के अलिबाग से गिर...
जगदलपुर : पेट्रोल पंप लूट के मामले में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बस्तर पुलिस ने इस मामले के एक आरोपी को महाराष्ट्र के अलिबाग से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजन उर्फ संजन कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले का निवासी है और वर्तमान में महाराष्ट्र के अलिबाग में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 फरवरी 2026 की रात करीब 7 बजे की है, जब आरोपी ने धनपुंजी स्थित पेट्रोल पंप पर कार्यरत महिला स्टाफ को नकली पिस्तौल दिखाकर डराया और बैग में रखे 18,662 रुपये लूटकर फरार हो गया था।
मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद थाना नगरनार में अपराध कायम कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई।
इसके बाद पुलिस टीम महाराष्ट्र के अलिबाग पहुंची और आरोपी को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 5100 रुपये, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
जांच में यह भी सामने आया कि घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को आरोपी ने पहले थाना कोतवाली क्षेत्र से चोरी किया था और उसके नंबर प्लेट को बदलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में पहले से ही चोरी का मामला दर्ज था।
दोनों मामलों में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष सिंह सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों की अहम भूमिका रही।
बस्तर पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


कोई टिप्पणी नहीं