जगदलपुर बस्तर जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री ग्राम...
जगदलपुर बस्तर जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के अंतर्गत 86 सड़कों का वर्चुअल भूमिपूजन किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 235.45 किलोमीटर है, जिनके निर्माण पर लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस अवसर पर जगदलपुर स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में भूमिपूजन और शिलान्यास की औपचारिकता पूरी की गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विकास को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण अंचलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने भी इस योजना को बस्तर के समग्र विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया।
![]() |
| लोहंडीगुड़ा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष डॉ बसंत कश्यप |
कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा के उपाध्यक्ष डॉ. बसंत कश्यप से भी मुलाकात की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों से बस्तर की तस्वीर तेजी से बदल रही है।
इन सड़कों के निर्माण से लोहंडीगुड़ा, दरभा, बास्तानार और तोकापाल जैसे क्षेत्रों में यातायात सुविधा बेहतर होगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। कार्यक्रम में कलेक्टर आकाश छिकारा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




कोई टिप्पणी नहीं