जगदलपुर : बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जगदलपुर शहर में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस न...
- Advertisement -
![]()
जगदलपुर : बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जगदलपुर शहर में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस ने सन सिटी अटल आवास रोड के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा और उनके कब्जे से 870 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम नशीली टैबलेट बरामद की। जब्त नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 4.35 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही एक मोटरसाइकिल (CG 17 KY 6487) भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष जॉर्ज (23) और डीगेश्वर देवदास उर्फ शूटर (22) के रूप में हुई है। दोनों जगदलपुर के कुम्हारपारा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि आशीष जॉर्ज पहले से ड्रग पैडलिंग में सक्रिय रहा है।
जानकारी के मुताबिक, थाना कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक सन सिटी अटल आवास रोड के किनारे मोटरसाइकिल पर नशीली दवाओं की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी धोत्रे और थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी नशीली दवाओं के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर 10 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपियों को विशेष न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उपनिरीक्षक परिमल दास, प्रधान आरक्षक आनंद बघेल तथा आरक्षक बंसी लाल मौर्य, रंग लाल खरे, बलराम कश्यप और उत्तम ध्रुव की अहम भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे और अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


कोई टिप्पणी नहीं