जगदलपुर : डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत चित्रकोट में 5 किलोमीटर मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 300 से अधिक प...
जगदलपुर : डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत चित्रकोट में 5 किलोमीटर मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर सामाजिक एकता, संविधानिक मूल्यों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मिनी मैराथन का आयोजन ग्राम पंचायत चित्रकोट के सरपंच भंवर मोर्य के नेतृत्व में किया गया। दौड़ की शुरुआत एसटीएफ चौक लोहंडीगुड़ा से हुई, जो अंबेडकर प्रतिमा, चित्रकोट तक पहुंची। पुरुष और महिला वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना, समाज में समानता, एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना था।
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए अलग-अलग श्रेणियां रखी गईं, जिसमें दोनों वर्गों में प्रथम से दसवें स्थान तक विजेताओं का चयन किया गया। पुरुष वर्ग में शंभू प्रथम, श्रीधर द्वितीय और शांतू तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में प्रमिला मंडावी ने प्रथम, बसंती मंडावी ने द्वितीय तथा सुबली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों के शीर्ष दस प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य मालती बैज, पूर्व जनपद सदस्य जयंती यादव, प्रेमवती बाकड़े, उपसरपंच छोटू राम बघेल, आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रशांत कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों में सुखदेव मौर्य, जग्गू नागेश, लच्छू कश्यप, लम्बोदर पटेल, रामू कश्यप, चंद्र मंडावी, सुजेता मांझी, मुन्ना नेरकर, अमित साहू, समलू, सोहन सहित कई लोग शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा, वहीं ग्रामवासियों ने भी उत्साहपूर्वक महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयोजन के अंत में विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे, ताकि युवाओं में जागरूकता, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का संदेश मजबूत हो।




कोई टिप्पणी नहीं